पौड़ी। कोट ब्लॉक स्थित सेमन गांव से लापता युवक का शव एक सप्ताह बाद पेड़ से लटका मिला है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने गांव के जंगल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार अनूप भट्ट (40), पुत्र स्व. महादेव प्रसाद बीती 24 जून को घर से गाय खोजने के लिए जंगल में गया था। देर शाम तक भी वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की।
कुछ पता न चलने पर थाना देवप्रयाग में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने भी कई स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। मंगलवार दोपहर बाद किसी ने गांव के जंगल से बदबू आने की सूचना पुलिस को दी। खोजबीन के बाद ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों को अनूप का शव पेड़ पर लटका मिला।
परिजनों ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, पौड़ी भेज दिया। गांव में अनूप की पत्नी, दो बच्चे और मां रहती हैं। थानाध्यक्ष देवप्रयाग संदीप लोहान ने बताया कि मृतक अनूप गांव में ही पंडिताई कर आजीविका चलाता था। परिजनों के मुताबिक वह कुछ समय से तनाव में था। इससे पहले भी एक दफा खुदकुशी की कोशिश कर चुका था।