श्रीनगर। नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। भाजपा, कांग्रेस की ओर से नगर क्षेत्र में मेयर व पार्षद पद के दावेदारों से राय ली जा रही है। इस दौरान दोनों पार्टियां निकाय चुनाव को लेकर सक्रिय रहने व चुनाव प्रचार तेज करने को लेकर कार्यकर्ताओं को निर्देशित कर रही है। बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी के मेयर प्रत्याशी हेतु नगर क्षेत्र में बैठक आयोजित कर चर्चा की गई। इस दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, थराली विधायक भोपाल राम टम्टा व नेहा जोशी मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करने वाले दावेदारों से रायशुमारी ली। बीजेपी से दस से अधिक लोगों ने अपनी दावेदारी पेश की। इधर नगर क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने भी चुनाव को लेकर बैठक ली गई।
इस दौरान दावेदारों के मन को टटोलने के साथ आगामी रणनीति को लेकर चर्चा हुई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। नगर निगम चुनाव में मजबूती के साथ कांग्रेस चुनाव लड़ेगी व जीतेगी। कहा कि बीजेपी की कार्यप्रणाली से लोग नाखुश हैं, जिसका लाभ उन्हें मिलेगा। कांग्रेस कमेटी में दावेदारों को लेकर लगातार मंथन चल रहा है, जिस भी दावेदार को पार्टी प्रत्याशी घोषित करेगी सभी उसका समर्थन करेंगे।