पौड़ी। एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विवि के बीजीआर परिसर में 14 अक्तूबर (शनिवार) को छात्रसंघ चुनाव होना है। चुनाव को लेकर अफसरों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव में करीब एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
बीजीआर परिसर पौड़ी में छात्रसंघ चुनाव का प्रचार शुक्रवार को थम जाएगा। ऐसे में छात्र नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने के लिए अंतिम ताकत झोंक दी है। कैंपस व बाहर प्रचार जोर शोरों पर चल रहा है तो सोशल मीडिया पर भी युवा जमकर प्रचार कर रहे हैं। कैंपस निदेशक प्रो. पीपी बडोनी ने बताया कि करीब एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं मतदान करेंगे। अभी छात्र-छात्राओं के नए आवेदनपत्र जमा हो रहे हैं। ऐसे में मतदान के दिन भी उन्हें आईडी कार्ड जारी किए जाएंगे। बताया कि कैंपस में अध्यक्ष पद के लिए तीन ने दावेदारी की है जिसमें एनएसयूआई से अर्जुन गोदियाल, एबीवीपी से अमन कुमार व ऋत्विक सिंह असवाल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। वहीं मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राजेश डंगवाल ने बताया कि मतदान के लिए कैंपस में पांच बूथ स्थल बनाए गए हैं। मतदान शांतिपूर्वक संपन्न करने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहेगा। संवाद