विकास खंड कीर्तिनगर के पैंडुला के ग्रामीणों ने पेयजल निगम और जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी कर पुतला फूंका। ग्रामीणों का आरोप है कि एक वर्ष से वह विभाग और शासन प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
शुक्रवार को ग्राम प्रधान सुनय कुकसाल के नेतृत्व में गांव के पास धरने पर बैठे ग्रामीणों ने पुतला दहन कर पेयजल निगम और जल संस्थान के खिलाफ आक्रोश जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी ग्राम पंचायत के आंबेडकर गांव अमरोली को जल जीवन मिशन योजना से वंचित रखा गया है। गांव को पेयजल आपूर्ति करने वाली लक्ष्मोली हडिमधार पंपिंग पेयजल योजना का टैंक जर्जर हो चुका है। योजना के मुख्य टैंक से गांव अधिक दूर होने पर आए दिन ग्रामीणों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। वहीं गांव के पास से गुजर रही अकरी बारजूला पंपिंग पेयजल योजना के टैंक निर्माण में प्रयुक्त की गई भूमि का ग्रामीणों को प्रतिकर का भुगतान भी नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने उक्त मांगों के साथ ही गांव को अकरी बारजूला पंपिंग पेयजल योजना से जोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब भी वह मांगों के लिए प्रदर्शन करते हैं उन्हें झूठे आश्वासन दिए जाते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी पांच सूत्री मांग पूरी नहीं हो जाती वे धरने पर डटे रहेंगे। इस मौके पर आशुतोष पोखरियाल, नरेश बिष्ट, प्रतिभा देवी, विजय लक्ष्मी, किरन, उपेंद्र कुमार, मूर्तिराम, शिव सिंह, उदय सिंह, सोहन लाल डंगवाल, प्रेमवती, कल्पू देवी, उषा, अंजू, बैजंती, अनीता आदि मौजूद थे।