श्रीनगर। विकास खंड कोट के दिगोली सहित आसपास के गांवों में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए जन चेतना समिति नकोटगूंठ ने पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता काे ज्ञापन भेजा है। कहा कि क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी से पानी की मांग अधिक और पूर्ति कम होने से आए दिन लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ता है।
समिति के अध्यक्ष मनमोहन सिंह नेगी ने बताया कि नकोट, दिगोली, धनचढ़ा आदि गांवों का पूरी तरह नगरीकरण हो चुका है। पेयजल आपूर्ति के लिए वर्षों पूर्व सीमित आबादी के लिए पेयजल योजना बनी थी। लेकिन अब दिन प्रतिदिन अधिक बसावट होने से आए दिन लोगों को पेयजल जैसी मूलभूत समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पानी की सबसे अधिक समस्या अरकणी, दिगोली, पाली, सांपला, सेमला, कुसेत, बेलकंडी और धनचढ़ा गांवों में हैं।
गर्मियों में लोगों को हैंडपंपों और प्राकृतिक जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने विभाग से गर्मी शुरू होने से पूर्व क्षेत्र में पानी की पर्याप्त आपूर्ति के लिए अभी से इंतजाम करने की मांग की है। नेगी ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से भी मांग की गई है। उन्होंने क्षेत्र के लिए शीघ्र पंपिंग पेयजल योजना के निर्माण पर सहमति जताई है। बताया कि क्षेत्र के लिए करीब 15 करोड़ की लागत से पेयजल योजना का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है।