श्रीनगर। एसबीआई के पास राष्ट्रीय राजमार्ग से डाक बंगला वाली रोड पर पेयजल लाइन ठीक करने के लिए जल संस्थान की ओर से खुदवाया गया गड्ढा खतरे का कारण बन रहा है। करीब तीन फीट लंबा व दो फीट से अधिक गहरे गड्ढाें के कारण वाहनों एवं पैदल राहगीरों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। करीब एक हफ्ते से अधिक समय से बने हुए इस गड्ढे से बचने के लिए सुरक्षा के कोई उपाय नहीं किए जाने से लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पूर्व में भी कई दिनों तक इस स्थान पर गड्ढों को खोदकर छोड़ दिया गया था, अब फिर पानी की लाइन ठीक करने के नाम पर खोदे गए गड्ढे को ठीक नहीं किया जा रहा है। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों से इस मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की। जल संस्थान के सहायक अभियंता कृष्णकांत ने बताया कि यहां पानी की टेस्टिंग की जानी है, इस कारण यह स्थिति बनी हुई है। कहा, सुरक्षा की दृष्टि गड्ढों के किनारे मिट्टी रखी गई है, जिससे खतरा न हो। जल्द ही इसे ठीक करा दिया जाएगा।