कलक्ट्रेट में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में डीएम ने सुनीं 17 शिकायतें
पौड़ी। जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने पानी, जंगली जानवरों से सुरक्षा, घेरबाड़ समेत 17 शिकायतों से डीएम को अवगत कराया। न्याय पंचायत कुंडी के कृषि ऋण धारकों ने बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति (पीएसीएस) बाह बाजार देवप्रयाग में समिति के सचिव पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए। डीएम ने सीएओ और एआर को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम स्वाति एस भदौरिया से विकासखंड कल्जीखाल के थापली की प्रधान इंदु देवी व अन्य महिलाओं ने लोवर थपली के 15 परिवारों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिलने की समस्या बताई। उन्होंने इन परिवारों के लिए अलग पाइपलाइन की मांग उठाई। डीएम ने जल संस्थान के जेई को गांव भेजकर ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। विकासखंड पाबौ के ग्राम कोला की प्रधान बीना देवी ने बताया कि गांव के करीब 70 किसान परिवारों की फसल जंगली जानवरों से प्रभावित हो रही है। उन्होंने गांव में 800 मीटर घेरबाड़ की मांग उठाई। डीएम ने कृषि विभाग को टीम भेजकर घेरबाड़ के प्रस्ताव को जिला योजना में शामिल करने को कहा। वहीं सिमखेत निवासी सरोजनी देवी ने नाप भूमि से कब्जा हटाने की मांग की। पौड़ी नगर पालिका क्षेत्र के अपर चोपड़ा निवासी शिवानी व अन्य महिलाओं ने क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता एवं पशुओं पर हमलों की शिकायत की। कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, डीडीओ मनविंदर कौर, सीएमओ डॉ. शिवमोहन शुक्ला, सीईओ अत्रेश सयाना, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा आदि मौजूद रहे।
-
मुकेश