पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाए जाने के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत प्रदेश के अपर सचिव लोनिवि धीराज गर्ब्याल ने अधिकारियों को अक्तूबर माह के अंत तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किए जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि इस कार्य में अधिकारी लापरवाही न बरतें। बावजूद इसके हीलाहवाली बरतने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बृहस्पतिवार को अपर सचिव गर्ब्याल ने जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में लोनिवि के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने 15 अक्तूबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। जिला अधिकारी इस कार्य को प्राथमिकता से करें। लोनिवि के मुख्य अभियंता राजेश चंद्र शर्मा ने बताया कि जिले में 273.50 किलोमीटर सड़क के हिस्सों में पैचवर्क किया जाना है। ठेकेदारों द्वारा निविदाओं का बहिष्कार किए जाने के कारण पैच मरम्मत कार्यों में विलंब हो रहा है।
अपर सचिव ने कहा कि ठेकेदारों की मांग पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने ठेकेदारों से पैच वर्क में सहयोग की अपील की। बताया कि जिले में यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए 47 सड़क सुरक्षा कार्य किए जाने हैं। इसमें क्रश बैरियर, सूचना बोर्ड आदि लगाए जाने हैं। 36 कार्य पूर्ण हो गए हैं। जिले में तीन मार्च 2024 तक 2795 गांव सड़क से जुड़ चुके हैं। वर्ष 2024-25 में 14 गांवों को सड़क से जोड़ने का लक्ष्य है। अगस्त तक पांच गांवों को सड़क यातायात से जोड़ दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पाखरों मोटर मार्ग के आठ किलोमीटर में क्षतिग्रस्त 325 मीटर डबल लेन मालन पुल का कार्य तेजी से चल रहा है। 31 मार्च 2025 तक कार्य पूर्ण हो जाएगा। सभी 12 पिलरों का निर्माण नए सिरे से हो रहा है। बैठक में चारधाम यात्रा मार्गों पर दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों के सुधारीकरण पर चर्चा की गई। बैठक में सीडीओ पौड़ी गिरीश चंद्र गुणवंत, लोनिवि प्रांतीय खंड के ईई दिनेश बिज्लवाण, निर्माण खंड की ईई रीना नेगी, दुगड्डा खंड के ईई निर्भय सिंह, पाबौ खंड के ईई केएस नेगी आदि मौजूद रहे।