पौड़ी। अंकिता ध्यानी ने अपने खेल के जरिए पौड़ी जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय फलक तक पहुंचाया। पेरिस ओलंपिक में प्रतिभाग करने के बाद उसकी नजर अगले साल जापान के टोक्यो में आयोजित होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देश के लिए पदक लाने की है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए बंगलूरू में ट्रेंनिंग ले रही है।अंकिता ध्यानी का गांव जयहरीखाल ब्लॉक के मेरूडा गांव में है। माता लक्ष्मी देवी गृहिणी व पिता महिमानंद ध्यानी खेतीबाड़ी करते हैं। साल 2023 में इसने थाईलैंड में आयोजित एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता और इसके बाद अपनी जी तोड़ मेहनत के दम पर इस साल पेरिस ओलंपिक में प्रतिभाग किया।
हालांकि यहां पर पदक नहीं ला सकी। अब एक बार फिर से वह प्रतियोगिता की तैयारियों में जुट गई हैं। अंकिता ने बताया कि 2025 में सितंबर में जापान के टोक्यो में एशियन चैंपियनशिप और विश्व एथलेटिक्स चैपियनशिप आयोजित होनी है। वह पांच किमी की दौड़ में इन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। उन्होंने बताया कि इन दिनों बंगलूरू में आयोजित कैंप में शामिल हुई हैं, जहां पर ट्रेनिंग ले रही हैं।
पेरिस ओलंपिक में 20वें नंबर रहींं थी अंकिता
अंकिता ध्यानी ने बताया कि वह पेरिस में ओलंपिक में 20वें स्थान पर रहीं। ओलंपिक में जाने से उनका मनोबल और बढ़ा है। साथी खिलाड़ियों से काफी कुछ सीखने को मिला।