नवसृजित राजकीय महाविद्यालय कल्जीखाल में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र-छात्राएं नवंबर के आखिर तक प्रवेश ले सकते हैं। स्नातक प्रथम वर्ष में छह विषयों को स्वीकृति मिली है। जबकि महाविद्यालय में प्राचार्य, शिक्षकों व कर्मचारियों के 13 पद स्वीकृत हैं।
महाविद्यालय का संचालन पुराने खंड विकास अधिकारी कार्यालय में हो रहा है। महाविद्यालय में हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, इतिहास व राजनीति विज्ञान विषय स्वीकृत हैं। प्राचार्य डा. रामदुलार सिंह ने बताया कि महाविद्यालय के लिए भूमि की तलाश की जा रही है। राजनीति विज्ञान विषय में अतिथि शिक्षक पूनम गैरोला ने ज्वाइनिंग दे दी है।
-------------
कालेज को कांसखेत में शिफ्ट करने की मांग
पौड़ी। ग्रामीणों ने महाविद्यालय कल्जीखाल का संचालन कांसखेत में करने की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा उच्च शिक्षा मंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि कांसखेत में 116 वर्ष पुराना ब्रिटिशकाल का इंटर कालेज, पेयजल, बिजली व सड़क सुविधा, खेल मैदान, आवासीय भवनों के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। साथ ही दो मंजिला आईटीआई का भवन भी है, जो बंद पड़ा है। ज्ञापन भेजने वालों में जिपं सदस्य संजय डबराल, क्षेपं सदस्य राकेश नैथानी, सपना रावत, प्रधान आसुई सुनीता, सुतारगांव भारती नेगी, घंडियाल पूजा देवी, साकनीबड़ी लक्ष्मी देवी, पुंडोरी गीता देवी आदि शामिल रहे। वहीं प्राचार्य ने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से सहमति के बाद ही महाविद्यालय का संचालन कल्जीखाल में शुरू किया गया है।