अनियंत्रित तेल टैंकर सड़क किनारे स्थित क्लीनिक में जा घुसा। हादसा दिन के समय होता, जब सड़क और दुकानों के आसपास लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
बदरीनाथ हाईवे पर श्रीनगर में एसबीआई के सामने शनिवार देर रात एक अनियंत्रित तेल टैंकर सड़क किनारे स्थित क्लीनिक में जा घुसा। हादसे में क्लीनिक सहित आसपास की दो अन्य दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। टैंकर की चपेट में आने से बाहर खड़ी एक स्कूटी बुरी तरह कुचल गई, जबकि एक कार को भी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि हादसे के समय टैंकर खाली था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन
प्रत्यक्ष नुकसान को देखते हुए हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। देर रात घटना होने के कारण दुकानों के आसपास लोगों की आवाजाही कम थी। ऐसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यदि यही हादसा दिन के समय होता, जब सड़क और दुकानों के आसपास लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
टैंकर खाली होने के कारण ज्वलनशील तेल के रिसाव और आग लगने जैसी आशंकाओं से जुड़ा खतरा भी बच गया। हालांकि, इस घटना ने बदरीनाथ हाईवे के किनारे स्थित दुकानों और वहां खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर सड़क किनारे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है। श्रीनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।