दुगड्डा। नगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर शाम को पालीथिन चेकिंग के दौरान एसडीएम जीआर बिनवाल और व्यापारियों की तीखी नोझोंक हो गई। बाद में व्यापारियों और नगर पालिका के साथ बैठक कर उनको छोड़ दिया गया। लेकिन एसडीएम ने एक जनवरी से नगर में हर हाल में पालीथिन प्रतिबंध करने के निर्देश दे दिए।
बृहस्पतिवार को नगर क्षेत्र में एसडीएम ने पालीथिन को लेकर छापा मारा। एसडीएम को लगभग हर दुकान पर पालीथिन के बैग मिले। दुकानदारों का चालान करने पर वह भड़क गए और उनकी एसडीएम के साथ तीखी झड़प हो गई। दुकानदारों का कहना था कि प्रशासन ने पूर्व में पालीथिन बंद के संबंध में कोई सूचना नहीं दी। यदि पालीथिन बंद की जानी है तो उसके लिए पूर्व में सभी को सूचना दी जानी चाहिए। उसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष दीपक बडोला, व्यापारियों के साथ एसडीएम की पालिका सभागार में बैठक हुई। बडोला ने बताया कि उन्होंने पालीथिन प्रतिबंध के लिए बोर्ड से प्रस्ताव पारित किया है। जिसमें लोगों से आपत्तियां मांगी गई हैं। उसके बाद पालिका का पालीथिन को लेकर अपना बायलाज बन जाएगा। जिसे तत्काल लागू किया जाएगा। एसडीएम ने व्यापारियों का चालान नहीं करते हुए कहा कि एक जनवरी से नगर में पालीथिन को प्रतिबंध किया जाएगा। उसके बाद यदि कोई पालीथिन में सामान देते हुए पकड़ा गया तो उसका चालान किया जाएगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल से अशोक गोयल, संजय अग्रवाल आदि भी मौजूद थे।