पौड़ी। नगर पालिका ने यहां एक नवंबर होने वाले शरदोत्सव के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समितियां भी गठित की गईं।
नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम ने बताया कि एक नवंबर को दिन में एक बजे रामलीला मैदान में शरदोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि कृषि मंत्री डा. हरक सिंह रावत करेंगे। इससे पहले बस स्टेशन में शिक्षण संस्थाओं की ओर से मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। समारोह में विशिष्ठ अतिथि क्षेत्रीय विधायक सुंदरलाल मंद्रवाल होंगे।
उन्होंने बताया कि छह दिवसीय शरदोत्सव के तहत एक नवंबर को शिक्षण संस्थाएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही बैडमिंटन, रस्सा-कस्सी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अंतिम दिन उत्सव ग्रुप श्रीनगर की ओर से चक्र शकट जयद्रथ वध नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए आयोजन, वित्त, सुरक्षा व्यवस्था, मार्च पास्ट एवं झांकी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रस्सा कस्सी, बेबी शो समेत विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
मंडल आयुक्त सीएस नपलच्याल को आयोजन समिति का मुख्य संरक्षक और जिलाधिकारी चंद्रशेखर भट्ट को संरक्षक बनाया गया है। दूसरी तरफ शिक्षण संस्थाओं ने इस आयोजन के पहले दिन प्रस्तुत की जाने वाले मार्च पास्ट की तैयारी शुरू कर दी है। सेंट जेम्स, बीआर मार्डन स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थी मार्च पास्ट की तैयारी में जुटे हुए हैं।