कोटद्वार। मानपुर निवासी मनीष बड़थ्वाल ने अपने जन्मदिन पर खर्चा करने की बजाय जम्मू-कश्मीर के बाढ़ पीड़ितों की मदद करने का निर्णय लिया। मनीष के परिजनों ने मंगलवार को अमर उजाला कार्यालय पहुंचकर 1100 रुपये अमर उजाला फाउंडेशन रिलीफ फंड जमा किए।
कोटद्वार मानपुर निवासी भीमदत्त बड़थ्वाल और हेमलता बड़थ्वाल का होनहार बेटा मनीष ने टीवी पर जम्मू-कश्मीर में आई भीषण बाढ़ में लोगों को बेघर होते देखा, वह लोगों की व्यथा से आहत हो गए। उन्होंने फोन पर अपने माता-पिता को जन्मदिन पर खर्चा नहीं करने और इस धनराशि को रिलीफ फंड जमा करने को कहा। जिसे परिजनों ने स्वीकार कर लिया। मनीष इस समय हल्द्वानी में मारुति सुजुकी कंपनी में सेल्स एक्सपर्ट के रूप में कार्यरत है। मनीष की मां हेमलता ने बताया कि उनके बेटे का 29 अक्तूबर को जन्मदिन है। उन्होंने कहा कि आपदा पीड़ितों की मदद के लिए सभी को आगे आने की जरूरत है। मंगलवार को मनीष के कहने पर मां हेमलता और भाई रमेश बड़थ्वाल ने अमर उजाला कार्यालय आकर अमर उजाला फाउंडेशन के रिलीफ फंड में 1100 रुपये नगद जमा कराए।