श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कालेज के कर्मचारियों को आवास आवंटित होने की खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। दरअसल मेडिकल कालेज प्रशासन ने कर्मचारियों को जो आवास आवंटित किए हैं, वहां बिजली-पानी के कनेक्शन नहीं हैं। चार दिन पहले यहां शिफ्ट हुए कर्मचारियों में इस पर रोष जताया है।
चौरास स्थित सिंचाई विभाग की मढ़ी कालोनी में खाली आवासों को शासन ने मेडिकल कालेज के सुपुर्द किया था। मेडिकल कालेज प्रशासन ने इन आवासों को 24 तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को आवंटित कर दिया। इनमें से अधिकांश कर्मचारी चार दिन पहले ही मढ़ी कालोनी में शिफ्ट हो चुके हैं। यहां पहुंचने पर पता चला कि आवासों में बिजली-पानी के कनेक्शन ही नहीं हैं। कर्मचारियों ने बताया कि पानी की व्यवस्था तो जैसे-तैसे हो रही है, लेकिन बिजली के बिना खासी दिक्कतें आ रही हैं। कर्मचारियों ने मेडिकल कालेज प्रशासन के इस रवैये पर रोष जताया है। उन्होंने जल्द से जल्द बिजली-पानी के कनेक्शन लगवाने की मांग की है।
कोट-
कर्मचारियों की परेशानियों को देखते हुए आनन-फानन में आवासों का आवंटन किया गया था। इस कारण व्यवस्थाएं सुचारु नहीं की जा सकीं। उन्होंने जल्द ही इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा निगम और जल संस्थान को जल्द भुगतान कर व्यवस्थाएं सुचारु कर दी जाएंगी।- डा. आईएस योग, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कालेज श्रीनगर