पौड़ी। कोट ब्लाक में व्यास घाट के समीप कुड़जोली में गंगा नदी के किनारे शासन की ओर से खनन का पट्टा स्वीकृत किए जाने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। उन्होंने विधायक से खनन के पट्टे को निरस्त करने की मांग की है।
क्षेत्रवासी मदन सिंह तड़ियाल, बद्रीप्रसाद और शिव चरण देशवाल आदि ने विधायक सुंदर लाल मंद्रवाल को बताया कि गंगा का किनारा सालों से धार्मिक आस्था एवं पर्यटन का केंद्र रहा है। इस जगह पर अभी तक पर्यावरण के साथ छेड़छाड़ नहीं की गई है। व्यास जी की इस जमीन पर बाहर से कई लोग समय-समय पर गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। उन्होंने बताया कि उक्त स्थान गंगा के किनारे सड़क के नीचे राम मंदिर के समीप है, जिसका अधिकांश भाग सिल्सू ग्राम सभा के कोटा लगा कुणजोली वासियों की संजायत है। इस जगह पर खनन होने से ग्रामीणों की भूमि के कटान होने का भी खतरा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वे जिला प्रशासन को भी ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
उन्होंने विधायक से खनन का पट्टा निरस्त करवाने की मांग की है। इधर विधायक सुंदर लाल मंद्रवाल ने बताया कि ग्रामीणों की मांग को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री से खनन का पट्टा निरस्त करने का अनुरोध किया है।
व्यास घाट के समीप जिस जगह पर खनन का पट्टा स्वीकृत किया हुआ है। उक्त स्थान पर लोगों की ओर से अवैध खनन किया जाता था, जिससे राजस्व का नुकसान होता था। इसको देखते हुए इस बार उक्त जगह पर खनन की निविदा स्वीकृत की गई है।
-पीएल शाह, उपजिलाधिकारी पौड़ी