पाबौ। खुड्डेश्वर मेले के चौथे दिन स्थानीय लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यूथ फाउंडेशन के संस्थापक व निम के पूर्व प्राचार्य कर्नल अजय कोठियाल ने किया। उन्होंने कहा कि मेले के स्वरूप को भव्य रूप दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण शिविर लगाए जाने की बात भी कही।
सोमवार को विकास खंड मुख्यालय पाबौ में खुड्डेश्वर मेले के चौथे दिन की शुरुआत गायक दिनेश भारती ने सरस्वती वंदना से की। इसके बाद भारती ने जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, दिल्ली मां देखी त्वेते, दमादम मस्त कलंदर, छाप तिलक सब छीन ली गीतों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों की वाहवाही बटोरी। गायिका ऊषा नेगी के फिर बौड़ी एग्या खुड्डू कू मेला गीत की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। उन्होंने कैन लगाई बडूली, दरजी दीदा गीतों की प्रस्तुतियां भी दीं। लोक गायक मुकेश डोभाल ने शिवजी कैलाश रंदिना, बीरेंद्र रावत ने तू होली बीरा आदि गीतों की प्रस्तुतियां दीं। युवा प्रतिभाओं ने भी गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी व भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन मातबर सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि बृजमोहन सिंह गुसाईं, मेला समिति अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत, संरक्षक सुरेंद्र गुसाईं, दुर्गेश थपलियाल व कवेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।