पौड़ी। जनपद के प्रसिद्ध डांडा नागराजा मंदिर परिसर में आयोजित डांडा नागराजा मेला संपन्न हो गया है। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्री राधा-कृष्ण की झांकी मेले में आकर्षण का केंद्र रही। वहीं गायक मुकेश कठैत व साथियों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूम उठे।
सोमवार को श्री डांडा नागराजा मंदिर परिसर में मेले का आयोजन किया गया। इसमें लैंसडौन के विधायक दलीप सिंह रावत ने भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि मठ, मंदिर व मेले हमारी विरासत हैं। इनके संरक्षण के लिए युवाओं को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि हमें जीवन में गो सेवा अवश्य करनी चाहिए। गायक मुकेश कठैत ने दैंणा होया डांडा नागराजा, जय मां धारी देवी, पंडो खेला पांसो सहित अनेक भजन गाकर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। गायक मनीष लखेड़ा की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की वाहवाही बटोरी। मंदिर समिति के अध्यक्ष शशिकांत चमोली ने बताया कि आस्था के इस धाम से पुलिस प्रशासन की बेरुखी इस कदर है कि वह सुरक्षा प्रदान करने को तैयार नहीं है। हालांकि राजस्व पुलिस का सहयोग जरुरूर मिला है। सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने बताया कि श्री डांडा नागराजा धाम में भगवान श्रीकृष्ण के नाग रूप की आराधना की जाती है। भगवान कृष्ण को गुड़ का भोग लगाकर मन्नतें मांगी जाती हैं। लसेरा गांव में ग्रामीणों ने ढोल की थाम पर डांडा नागराजा का ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर समाजसेवी एसके नेगी, मंजू रावत, पुजारी किशोर देशवाल, गणेश देशवाल, वीरेंद्र भट्ट, राजेंद्र प्रसाद, देवेंद्र कुकरेती व विनोद देशवाल आदि मौजूद थे।