पौड़ी। जीबी पंत इंजीनियरिंग कालेज के छात्रों ने शुक्रवार को कालेज में एटीवी (ऑल टियेरिन व्हीकल) का डैमो दिखाया। इसे कालेज के छात्रों ने भी खूब सराहा। इंजीनियरिंग के ये छात्र सोसायटी ऑफ ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग बजाज इंडिया की ओर से इंदौर पीतमपुरा में आयोजित स्पर्धा में भी एटीवी का डैमो दिखा चुके हैं।
जीबी पंत इंजीनियरिंग कालेज के इंजीनियरिंग के छात्रों ने एटीवी (ऑल टियेरिन व्हीकल) तैयार किया है। छात्र शुभम रावत के नेतृत्व में 30 छात्र-छात्राओं की टीम ने यह व्हीकल तैयार किया है। 350 सीसी इंजन क्षमता का यह वाहन सड़क पर 60 किमी की रफ्तार से दौड़ सकता है। कालेज के छात्रों ने बजाज इंडिया की ओर से इंदौर में आयोजित प्रतियोगिता में भी इसका डैमो दिखाया। यह पहला अवसर है जब जीबी पंत इंजीनियरिंग कालेज की टीम बजाज इंडिया के इस कंप्टीशियन में पहुंची। शुक्रवार को पंत इंजीनियरिंग कालेज के छात्रों ने एटीवी का कालेज के ग्राउंड में डैमो दिखाया। हवा में तीन मीटर की उछाल पर छात्रों ने खूब तालियां बजाईं जिनकी गड़गड़ाहट दूर तक गूंजती रही। एटीवी तैयार करने में छात्रों के साथ फैकल्टी एडवाइजर डा. आशुतोष गुप्ता, डा. लालता प्रसाद, चंद्र वीर सिंह ने सहयोग दिया। एटीवी व्हीकल तैयार करने वाले छात्रों को कालेज के कार्यवाहक निदेशक प्रो. आशीष नेगी, रजिस्ट्रार संजीव नैथानी व डा. मनोज पांडा ने प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। कालेज के कार्यवाहक निदेशक प्रो. आशीष नेगी ने कहा कि कालेज इस तरह के प्रयासों में तेजी लाएगा।