श्रीनगर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माक्सवादी के 50 वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं की ओर से बैठकों का आयोजन किया गया। इस मौके पर पार्टी के संस्थापक सदस्यों को याद कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
सोमवार को श्रीनगर व श्रीकोट गंगानाली में आयोजित प्रांतीय कमेटी भाकपा-माले की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1969 में भूमिहीन खेत मजदूर और गरीब किसानों को लेकर आंदोलन का आह्वान किया गया था। इस आंदोलन में जन संघर्षों के माध्यम से लोगों को सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उत्पीड़न से मुक्ति कर देश में समाजवादी व्यवस्था के लिए पार्टी की नींव रखी गई थी। तब से लेकर अब तक पार्टी की ओर से लगातार किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, छात्र-छात्राओं, बेरोजगारों, दलित व उत्पीड़ित समाज के हितों के लिए पार्टी संघर्षरत है। बैठक में पार्टी के संस्थापक चारू मजूमदार, विनोद मिश्र व अनेक जन संघर्षों में पार्टी के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर पार्टी के प्रांतीय सदस्य केपी चंदोला, योगेंद्र कांडपाल, अंकित उछोली, अतुल सती, कपूर सिंह आदि मौजूद थे।