पौड़ी। जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी की मेस व्यवस्था फिर सवालों के घेरे में आ गई है। छात्रों ने मेस में फैली अव्यवस्था को लेकर कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने निदेशक से व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किए जाने की मांग की है। संस्थान प्रशासन ने छात्रों के बेवजह राजनीति करने की बात की है।
जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में कैलाश, नीलकंठ, केदार ए, बी व सी, केदार डी व ई, बद्री हॉस्टल, त्रिशूल, अलकनंदा, रुद्रा बालक छात्रावास हैं। विश्वेसरिया, रमन, भागीरथी बालिका छात्रावास हैं। जिनमें 1500 से अधिक छात्र-छात्राएं रहते हैं। छात्रावास में रह रहे छात्र-छात्राओं ने मेस की व्यवस्था पर प्रश्न उठाते हुए निदेशक को व्यवस्थाएं जल्द दुरुस्त किए जाने की मांग की है। छात्रों ने बताया कि छात्रावासों में गंदगी फैली रहती है, खाना भी गंदे पानी से पकाया जा रहा है। जिससे फूड प्वाइजनिंग, उल्टी-दस्त, टॉयफायड जैसी बीमारियां दस्तक दे रही हैं। उन्होंने कहा कि गर्मियों का मौसम आते ही मेस के खाने में कीड़े, कॉकरोच, मक्खी पाया जाना आम बात है। मेस में खाना पकाने व खाने के बर्तन टूटे और जंग लगे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से छात्रावासों में अव्यवस्थाएं फैली है, लेकिन कोई सुधार करने की दिशा में ठोस कदम उठाने को तैयार नहीं है। कहा कि इससे पहले भी संस्थान प्रशासन से मेस व्यवस्था को दुरुस्त करने की गुहार लगाई गई, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। कुछ माह पूर्व मेस में खामियों की शिकायत पर एसडीएम सदर ने छापेमारी की थी। खाने की गुणवत्ता में कमी सामने आई थी। निदेशक प्रो. एमपीएस चौहान ने बताया कि संस्थान के छात्रावासों में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। उन्होंने कहा कि कुछ छात्र मेस व्यवस्था को लेकर बेवजह की राजनीति कर रहे हैं।