श्रीनगर। गढ़वाल विवि के चौरास व बिड़ला परिसर के 13 छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था मात्र चार सुरक्षाकर्मियों के भरोसे है। इन छात्रावासों में एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं रह रहे हैं। छात्रावास प्रशासन का कहना है, कि सुरक्षाकर्मियों की कमी के चलते काफी परेशानी हो रही है।
गढ़वाल विवि के बिड़ला व चौरास परिसर में 13 छात्रावास (7 महिला व 6 पुरुष छात्रावास) हैं, जिनमें करीब 1 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं रह रहे हैं। आउटसोर्स कर्मचारियों को काम से बाहर किए जाने के बाद सबसे बुरा प्रभाव छात्रावास पर पड़ा है। इन छात्रावासों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। साथ ही 13 छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए मात्र चार सुरक्षाकर्मी ही तैनात हैं। जबकि पूर्व में 39 सुरक्षाकर्मी इन छात्रावासों में तैनात रहते थे। मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रो. मोहन पंवार का कहना है, कि सुरक्षाकर्मियों की कमी के चलते खासी परेशानी हो रही है। हालांकि प्रो. पंवार ने छात्रावास में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बताया।