देवप्रयाग। गंगा की स्वच्छता के लिए देवप्रयाग के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने नगर में जन जागरूकता रैली निकाली। साथ ही नगर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों से घरेलू कूड़े को कूड़ेदानों में डालने की अपील की।
बुधवार को पालिका कर्मियों ने शिशु निकेतन व ओंकारानंद पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ नगर में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। इस मौके पर छात्रों ने नगर के मुख्य मार्गों पर मां गंगा की यही पुकार, निर्मल रखो उसकी धार, गंगा बचाओ देश को खुशहाल बनाओ आदि नारों से लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। आयोजित गोष्ठी में पालिका के अधिशासी अधिकारी बीएस बिष्ट ने कहा कि सभी लोग अपने घरों का कूड़ा इधर उधर फेंकने के बजाय कूड़े दान में ही डाले। बिष्ट ने नगर वासियों व व्यापारियों से नगर व गंगा की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने को कहा। इस मौके पर प्रसन्ना डबराल, शर्मिला कोटियाल, सुरेश पंत, मनीष भट्ट आदि ने भी विचार रखे।