श्रीनगर। अमर उजाला के अपराजिता अभियान के तहत सरस्वती विद्यामंदिर में पुलिस की पाठशाला आयोजित की गई, जिसमें महिला थानाध्यक्ष एसआई संध्या नेगी ने छात्राओं को कानूनी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को बताया कि अपने साथ होने वाले अनचाहे व्यवहार, जिससे आप असहज महसूस करें, उसकी शिकायत तुरंत अपने अभिभावकों से करें। उन्हें किसी भी तरह का गलत बर्ताव होने पर उसके खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत सरस्वती विद्यामंदिर परिसर में पुलिस की पाठशाला आयोजित की गई। इस दौरान महिला थानाध्यक्ष एसआई संध्या नेगी ने छात्राओं को उनके अधिकारों के बताया। उन्होंने छात्राओें को संबोधित करते हुए कहा कि निडर होकर मुश्किल का सामना करें, जिससे कोई लड़कियों को कमजोर न समझें। नेगी ने कहा कि यदि किसी भी छात्र या छात्रा के साथ अनचाहा व्यवहार किया जाता है, जिससे वह असहजता महसूस होती हैं तो इसकी शिकायत वह तुरंत अपने अभिभावकों से करें। अनचाहे व्यवहार की शिकायत करने में कोई भी संकोच न दिखाएं। नेगी ने छात्र-छात्राओं से कहा कि लैंगिक उत्पीड़न से बच्चों के संरक्षण के लिए वर्ष 2012 में कानून बनाया गया, जिसे प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्राम सेक्सुअल अफेंसेस एक्ट (पोक्सो) का नाम दिया गया है। इस एक्ट के तहत नाबालिग बच्चों के साथ दुष्कर्म, यौन अपराध और छेड़छाड़ के मामलों में कार्रवाई का प्रावधान है। बाजार चौकी इंचार्ज एसआई कैलाश सेमवाल ने छात्रों को ऑन लाइन बैंकिंग धोखाधड़ी व यातायात नियमों की जानकारी दी। सेमवाल ने कहा कि बैंक कभी भी अपने ग्राहक से फोन पर कोई जानकारी नहीं मांगता है। यदि कोई फोन पर आपसे बैंक एकाउंट संबंधी जानकारी मांगता है तो किसी भी सूरत में कोई जानकारी फोन पर न दें। एसआई सेमवाल ने छात्रों को जेबरा क्रासिंग सहित अन्य यातायात नियमों के बारे में बताया । साथ ही यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत भी दी। प्रधानाचार्य मुकेश मैठाणी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद अदा किया। कार्यक्रम में 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।