श्रीनगर। ऑल वेदर रोड निर्माण के बाद भी अतिक्रमण व जाम की समस्या से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। एनएच खंड की ओर से सड़क के किनारे बनाए गए फुटपाथ पर लोगों ने अपने निजी वाहन पार्क कर दिए हैं। जबकि कई स्थानों पर टैक्सियां पार्क की गई हैं। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि फुटपाथ पर वाहन पार्क करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
ऑल वेदर रोड निर्माण के तहत शहर क्षेत्र में सड़क के किनारे फुटपाथ बनाया गया है। फुटपाथ पर वाहन न दौड़ें इसके लिए फुटपाथ को सड़क से आठ इंच ऊपर उठाया गया है। बावजूद इसके कई स्थानों पर लोगों ने सड़क व फुटपाथ के बीच मिट्टी भर कर इसे अपने वाहनों के लिए पार्किंग बना दिया है। जबकि कई स्थानों पर टैक्सी संचालकों अपने वाहन पार्क किए हुए हैं। इससे फुटपाथ होने व सड़क चौड़ी होने के बावजूद जाम की समस्या बनी हुई है। फुटपाथ को निजी वाहनों की पार्किंग बनाए जाने के संबंध में कई बार पुलिस व स्थानीय प्रशासन से शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। स्थानीय निवासी गोकुलानंद, पूनम देवी, मनवर सिंह आदि का कहना है कि फुटपाथ पर अतिक्रमण से पैदल चलना मुश्किल हो गया है। वहीं कोतवाल एनएस बिष्ट ने कहा कि यातायात में व्यवधान पैदा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।