पौड़ी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रविवार को पौड़ी में आयुष्मान भारत योजना का शुभारंभ करेंगे। वह सुबह 11 बजे जिला मुख्यालय के रांसी हैलीपैड पहुंचेंगे और माउंटेन बाइकिंग रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सीएम के जनपद में कार्यक्रम को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन तैयारी में जुटा रहा। इस बीच प्रशासन की ओर से जगह-जगह आयुष्मान भारत योजना के बोर्ड लगाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सुबह 11.30 बजे डीएवी इंटर कालेज परिसर में आयुष्मान भारत योजना का शुभारंभ करेंगे। उसके बाद प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत चिन्हित परिवारों को निशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा के कार्ड देंगे। लगभग 25 परिवारों को गोल्डन कार्ड दिए जाएंगे। कार्यक्रम के बाद सीएम 3.20 बजे पर रांसी स्टेडियम से देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे। कार्यक्रम में गढ़वाल सांसद बीसी खंडूड़ी, कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत, सतपाल महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष दीप्ति रावत, श्रीनगर विधायक डा. धन सिंह रावत, पौड़ी विधायक मुकेश कोली, यमकेश्वर विधायक ऋतु खंडूड़ी, लैंसडौन विधायक दिलीप रावत समेत कई गण्यमान्य भी उपस्थित रहेंगे।