पौड़ी। थलीसैण क्षेत्र में सगी ताई के नाबालिग लड़की को बेचने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने ताई, ससुर सहित तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र थलीसैण के अंतर्गत एक विवाहिता बीते तीन जून को कुछ देर में आने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने विवाहिता की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नही लग पाया। ससुर की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं विवाहिता के मायके वालों को पता चला कि वह रिश्ते की दीदी के यहां नोएडा गई हुई है, तो 17 जून को उसका भाई उसे लेने नोएडा गया। विवाहिता ने भाई को अपने साथ हुए अत्याचारों के बारे में बताया, तो भाई उसे सीधे थाने ले गया। जहां तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद 18 जून को भाई विवाहिता को थाने ले गया, जहां से उसे न्यायालय में पेश किया गया। विवाहिता ने जिला एवं सत्र न्यायालय को बताया कि उसे उसकी ताई ने 12 वर्ष की उम्र में बेच दिया था, जिसे बेचा (ससुर) उसने मेरा विवाह दिमागी रूप से कमजोर अपने लड़के से कर दिया। अब ससुर भी मेरे साथ लंबे समय से छेड़छाड़ कर रहा है, जिससे परेशान होकर मैं घर से भाग गई थी। नाबालिग ने घर वापस जाने से भी इनकार कर दिया। विवाहिता के बयान के आधार पर न्यायालय ने पुलिस को उसकी ताई, ससुर व गांव के एक अन्य के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। साथ ही नाबालिग को भाई के साथ रहने की इजाजत भी दी। प्रभारी निरीक्षक संपूर्णानंद गैरोला ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़, पोक्सो अधिनियम व बाल विवाह सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।