श्रीनगर। गढ़वाल विवि में स्थितियां सामान्य नहीं हो पा रही हैं। लगातार छठवें दिन भी छात्रों ने बिड़ला व चौरास परिसर बंद कराया। छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा है। कार्रवाई न होने पर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
गढ़वाल विवि में सुरक्षा टेंडर निरस्त होने के बाद भी स्थितियां सामान्य नहीं हो पा रही हैं। छात्र आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा पूर्व की भांति यथावत रखने सहित 15 सूत्री मांगों के लिए आंदोलित थे। इस बीच जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर विवि ने टेंडर प्रक्रिया निरस्त कर दी थी। माना जा रहा था कि टेंडर प्रक्रिया निरस्त होने के बाद छात्रों का आंदोलन शांत हो जाएगा, लेकिन छात्रों ने अब अन्य मांगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
शनिवार को छात्रों ने 15 मई तक सभी परीक्षा परिणाम घोषित करने, केंद्रीय मूल्यांकन के एक माह के भीतर परिणाम घोषित करने, मूल्यांकन कार्यों में हुई गलतियों का तत्काल सुधारने सहित 4 सूत्री मांगपत्र परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में सौंपा। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान अंकित उछोली, शुभम गोस्वामी, रामप्रकाश रैम्स, प्रदीप पंवार, देवकांत देवराड़ी, आयुष मिंया, अमित प्रदाली, अतुल सती, मनीष डालिया आदि शामिल थे। वहीं, छात्र नेता आयुष मियां ने विवि प्रशासन से विवि की सुरक्षा व्यवस्था उपनल को दिए जाने की मांग की है।