पौड़ी। शिक्षा विभाग ने नौनिहालों को नशे से दूर रखने के लिए नई पहल की है। जनपद के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक अखिलेश चंद्र चमोला को नशा उन्मूलन का जिला प्रभारी का दायित्व दिया है। चमोला अभी तक 30 से अधिक कार्यक्रमों में 1 हजार से अधिक छात्रों को नशे से दूर रहने के संकल्प पत्र भरा चुके हैं।
शिक्षा परिसर पौड़ी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी मदन सिंह रावत ने नशे को अधिगम विकास में बाधक बताया। कहा कि नौनिहालों में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। जिस पर समय से नियंत्रण लगाया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जीआईसी सुमाड़ी में सेवारत सहायक अध्यापक अखिलेश चंद्र चमोला शिक्षण कार्य के इतर विगत तीन वर्षों से नशा उन्मूलन की दिशा में कार्य कर रहे हैं। जिन्हें जनपद पौड़ी में नशा उन्मूलन का प्रभारी बनाया गया है। राज्यपाल पुरस्कार से सम्मनित चमोला ने बताया कि विगत तीन वर्षों में 30 से अधिक कार्यक्रमों में छात्रों को नशे से दूर रहने की सीख दी गई। साथ ही छात्रों को 1 हजार से अधिक संकल्प पत्र भी भराए गए हैं। नशे के विभिन्न आयामों पर निबंध व भाषण प्रतियोगिता आयोजित कर विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।