पौड़ी। भुवनेश्वरी स्थित ब्रिगेडियर विद्याधर जुयाल संस्कृत विद्यालय में नवप्रवेशित छात्रों का प्रवेश उत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। इस शैक्षणिक सत्र में 31 छात्राें ने प्रवेश लिया जबकि 50 छात्रों ने विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन किया था।
विद्यालय परिसर में ढोल-दमाऊं, शंख व घंटियों की ध्वनियों और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ नवागंतुक छात्राें का स्वागत किया गया। प्रबंधक राजेंद्र जुयाल व प्रधानाचार्य अनुसूया प्रसाद सुंदरियाल ने छात्रों को निष्ठा, अनुशासन व समर्पण भाव के साथ बेहतर पठन पाठन के लिए प्रेरित किया।
छात्रावास अधीक्षक नवीन जुयाल ने बताया कि प्रवेश के लिए दिल्ली, देहरादून, कोटद्वार समेत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से छात्रों ने आवेदन किया था लेकिन सीमित संसाधनों के चलते 31 छात्रों को ही प्रवेश दिया गया। इस मौके पर शिक्षाविद कमलदीप पोखरियाल, ईशान डोभाल, आशीष डबराल, नीरज पटवाल, अंकित मैठाणी आदि शामिल रहे। संवाद