संवाद न्यूज एजेंसीपौड़ी। माध्यमिक शिक्षा में पांच राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में 245 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इनमें बैडमिंटन, वॉलीबाल, बॉक्सिंग, खो-खो, योगा व कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। जो आगामी 23 अक्तूबर तक प्रदेश के विभिन्न स्थानों में संपन्न होगी। बैडमिंटन का उद्घाटन शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मंगलवार (आज) करेंगे। विभाग ने खेलों के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला खेल समन्वयक पौड़ी योगंबर सिंह नेगी ने बताया कि राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता गढ़वाल विवि के इंडोर स्टेडियम श्रीनगर में 15 से 17 अक्तूबर तक आयोजित होगी।
इसमें प्रदेश के समस्त 13 जिलों से 60 खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रतियोगिता में बालक-बालिका वर्ग के एकल, युगल मुकाबले संपन्न कराए जाएंगे। बताया कि राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता टिहरी बौराड़ी में आयोजित हो रही है। जिसमें पौड़ी जिले के 36 खिलाड़ी शिरकत कर रहे हैं।
राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चंपावत के टनकरपुर में आगामी 17 अक्तूबर तक होगी। यहां पौड़ी से 31 खिलाड़ी शिरकत करेंगे। नालंदा शिवम संस्थान खदरी देहरादून में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता पौड़ी जिले के 60, गायत्री विद्यापीठ शांतिकुंज हरिद्वार में आगामी 19 से 21 अक्तूबर तक होने वाली राज्य स्तरीय योगा प्रतियोगिता में 22 और क्रीड़ा मैदान अगस्त्यमुनि रुद्रप्रयाग में 21 से 23 अक्तूबर तक होने वाली बालक कबड्डी प्रतियोगिता में 36 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
प्रभारी सीईओ पौड़ी नागेंद्र बर्त्वाल ने बताया कि खेलों में बेहतर प्रदर्शन, आवश्यक व्यवस्थाओं को जुटाए जाने को लेकर अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। इस अवसर पर सह-समन्वयक प्रियंका बिजल्वाण, राजीव रावत शामिल रहे।
225 खिलाड़ी हुए रवाना
पौड़ी। प्रारंभिक शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए जनपद पौड़ी के 225 खिलाड़ी रवाना हो गए हैं। प्रतियोगता आगामी 15 से 18 अक्तूबर तक हल्द्वानी में आयोजित होगी। जिला खेल समन्वयक कमल उप्रेती, सह समन्वयक प्रदीप रावत व ललित मोहन बिष्ट ने बताया कि पौड़ी, कोटद्वार, नैनीडांडा व ऋषिकेश से टीम व व्यक्तिगत स्पर्धाओं में शामिल होने के लिए खिलाड़ी रवाना हो गए हैं।