पौड़ी। चारधाम यात्रा का आगाज होने के साथ ही स्थानीय यात्रियों की दुश्वारियां शुरू हो जाती हैं। प्रशासन हर बार व्यवस्था को पटरी पर लाने के दावे करता है, लेकिन होता कुछ नहीं है। इस वर्ष में चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है। जो स्थानीय यात्रियों के लिए दुश्वारियां लेकर आ गया है। उसमें टैक्सी-मैक्सी का संचालन नहीं होना परेशानियां और बढ़ा रहा है।
जिला मुख्यालय पौड़ी में स्थानीय यात्रियों को ब्रांच रूटों पर जाने के लिए घंटों वाहनों का इंतजार करना पड़ता है। मुख्यालय में जीएमओयू के 23 में से मात्र 9 बसों का संचालन हो पा रहा है। गढ़वाल मंडल बहुउद्देशीय सहकारी समिति के 24 में से 18 बसों का संचालन हो रहा है। वहीं टैक्सी-मैक्सी का संचालन तीसरे दिन भी सुचारु नहीं हो पाया है। मुख्यालय में मंगलवार को भी स्थानीय यात्रियों को यातायात सुविधा के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रमेश सिंह, साधना, धीरज व विंद्रा देवी ने कहा कि पैठाणी जाने के लिए चार घंटे इंतजार के बाद भी वाहन नहीं मिला है। बुजुर्ग कल्पेश्वरी देवी ने बताया कि चिपघाट के लिए बस नहीं जा रही है। आशीष ने बताया कि वह थलीसैण जा रहा था, लेकिन घंटों से वाहन नहीं मिला। जीएमओयू के स्टेशन इंचार्ज विक्रम नेगी ने बताया कि जीएमओयू के 9 बसों का संचालन हो रहा है। मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारु चल रहा है। ब्रांच रुटों पर वाहनों की कमी बनी हुई है। गढ़वाल मंडल बहुउद्देशीय सहकारी समिति के सचिव रमेश चंद्र उप्रेती ने बताया कि समिति के 18 वाहनों का संचालन सुचारु चल रहा है।