श्रीनगर। राजकीय शिक्षक संघ ने वार्षिक स्थानांतरण व पदोन्नति के मामले में सरकार पर शिक्षकों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है। कहा कि सरकार की इस नीति से शिक्षकों में रोष है।
शिक्षक संघ के पूर्व मंडलीय मंत्री शिव सिंह नेगी ने कहा कि विगत तीन वर्षों से शिक्षकों के स्थानांतरण नहीं हुए है, जिसके परिणाम स्वरूप दुर्गम विद्यालयों में लंबे समय से स्थानांतरण की आस लगाए बैठे शिक्षकों में हताशा व निराशा है। कहा कि वर्तमान में स्थानांतरण एक्ट के प्रावधानों के अनुसार अनिवार्य व अनुरोध के आधार पर स्थानांतरणों के लिए आवेदन की निर्धारित तिथि गुजर चुकी है। इसलिए सरकार की ओर से आवेदन की तिथि बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने तीन वर्षोँ से स्थानांतरण न किए जाने पर दस फीसदी की बाध्यता को समाप्त कर इसे 30 फीसदी किए जाने की मांग की है। साथ ही भूगोल, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान व गणित विषयों में पदोन्नति सूची जारी करने का अनुरोध किया है।