श्रीनगर। गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर की अंतर संकाय शैक्षणिक व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिताओं में विवि के 11 स्कूलों को छह ग्रुपों में विभाजित किया गया है।
बृहस्पतिवार को बिड़ला परिसर की स्व. कैप्टन विजयपाल सिंह नेगी अंतर संकाय शैक्षणिक व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि कार्यवाहक कुलपति प्रो. एससी बागड़ी ने कहा कि हम बच्चों की प्रतिभा को पहचाने बगैर उन्हें पाठ्यक्रम पढ़ाते हैं। छात्रों की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें पढ़ाया जाना चाहिए। प्रो. बागड़ी ने छात्रों से कहा कि वह अपनी प्रतिभा को पहचानें और लीक से हटकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुविधा को देखते हुए रविवार को लाइब्रेरी का रीडिंग रूम खुला रखा जाएगा। सांस्कृतिक व शैक्षणिक प्रतियोगिताएं बिड़ला परिसर के मैदान व एसीएल हॉल में आयोजित हो रही हैं। पहले दिन सुगम संगीत, लोकगीत/समूह गान, शास्त्रीय गायन, लोकनृत्य, काव्य पाठ, वाद-विवाद व मिमिक्री आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। कार्यक्रम सचिव प्रो. मोनिका पंवार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में कार्यवाहक छात्र संघ अध्यक्ष अंकित उछोली, सचिव रामप्रकाश रैम्स, सह सचिव पूजा भंडारी, कोषाध्यक्ष शिवानी धनाई, विवि प्रतिनिधि शुभमदीप गोस्वामी, छात्रा प्रतिनिधि मीना रावत आदि ने विचार व्यक्त किए। इस दौरान मुख्य नियंता प्रो. अरुण बहुगुणा, प्रो. ओके बेलवाल आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डा. सुभाष पांडे ने किया।