श्रीनगर। गढ़वाल विवि प्रशासन ने कैंटीन भवनों पर नोटिस चस्पा कर दिए हैं। विवि के कैंटीन संचालक वर्षों से किराए व बिजली बिलों का भुगतान नहीं कर रहे थे। जबकि इस संबंध में कैंटीन संचालकों को विवि प्रशासन ने वकील के माध्यम से नोटिस भेजा था, जिसे संचालकों ने रिसीव नहीं किया। विवि के सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि चारों कैंटीन भवनों पर नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं। जबकि दो कैंटीन संचालकों को रिसीव भी कराए गए हैं।
गढ़वाल विवि प्रशासन कैंटीन संचालकों पर सख्त हो गया है। बिड़ला परिसर, चौरास परिसर व प्रशासनिक भवन में संचालित हो रही चार कैंटीन संचालकों पर विवि का 16 लाख से अधिक का बकाया है। इन कैंटीन संचालकों ने वर्षों से किराए व बिजली के बिलों का भुगतान नहीं किया है। विवि प्रशासन भुगतान के लिए कई बार नोटिस दे चुका है। यहां तक कि विवि प्रशासन ने वकील के माध्यम से भी कैंटीन संचालकों को नोटिस भेजा, लेकिन किसी भी कैंटीन संचालक ने नोटिस रिसीव नहीं किया। विवि के कुलसचिव ने सुरक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि वह विवि के संपत्ति अधिकारी संतोष मंमगाई से नोटिस प्राप्त कर सभी कैंटीन संचालकों को व्यक्तिगत रूप से रिसीव करवाएं। विवि के सुरक्षा अधिकारी हेम जोशी ने बताया कि चारों कैंटीन भवनों पर नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं। दो कैंटीन संचालकों को नोटिस रिसीव भी करवाए गए हैं।