पौड़ी। गढ़वाल मंडल मुख्यालय में नवनियुक्त आयुक्त बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। अधिकारियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान व मनरेगा में विशेष रूप से ठोस कार्य किए जाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने बैठक में गैरहाजिर अधिकारियों को जवाब तलब किया।
शनिवार को आयुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में आयुक्त ने प्राथमिक शिक्षा में राज्य वित्त के तहत टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी व चमोली और केंद्र पोषित योजना में टिहरी जनपद में कोई धनराशि खर्च नहीं होने उन्होंने नाराजगी जताई। समाज कल्याण विभाग में महिला एवं विधवा पेंशन की धनराशि लाभार्थियों को नहीं दिए जाने पर अधिकारियों को प्राथमिकता से धनराशि देने के निर्देश दिए। चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी व पौड़ी में केंद्र पोषित योजनाओं का पैसा खर्च नहीं किए जाने का कारण अधिकारी नहीं बता पाए। आयुक्त ने लोनिवि के अधिकारियों को चमोली, उत्तरकाशी में बर्फबारी को बहाना बना कर काम लटकाए जाने पर फटकार लगाई। कहा अधिकारी सोशल मीडिया अकाउंट (ट्वीटर व फेसबुक) बनाए, जिसमें प्रतिदिन की गतिविधि जनता के सामने रखे। बैठक में एडी माध्यमिक महावीर बिष्ट, बेसिक एसपी खाली, कृषि डा. परमाराम, डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल, उत्तरकाशी डा. आशीष चौहान, रुद्रप्रयाग मंगेश घिल्डियाल आदि मौजूद थे।
कैंप नहीं मुख्यालय से चलेगी कमिश्नरी
नवनियुक्त आयुक्त ने कैंप कार्यालय की परिपाटी बंद किए जाने की ठोस पहल की। उन्होंने कैंप कार्यालय देहरादून से मंडल कार्यालय की सभी पत्रावलियां वापस मुख्यालय मंगवा ली हैं।
किसानों से खरीदेंगे पहाड़ी उत्पाद
आयुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से एक्शन प्लान तैयार किए जाने के निर्देश दिए, जिसमें तीन साल की योजना शामिल की जाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराए जाने पर मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत पहाड़ी उत्पाद किसानों से खरीदें जाएंगे। एकत्र उपज को मिड डे मील में उपयोग में लाई जाएगी।
टैक्सी वाहन प्राइवेट नंबर में आए नजर
मंडलीय समीक्षा बैठक में टैक्सी वाहन प्राइवेट नंबर में पहुंचे, जिसमें जिलाधिकारी व सीडीओ के वाहन शामिल थे। बताया गया कि शासन स्तर पर किराए के वाहन जिलों को वीआईपी मूवमेंट के लिए मिले हैं, जो टैक्सी वाहन होने के बावजूद निजी नंबर प्लेट से चल रही हैं। इन वाहनों को राजकीय चालक चला रहे हैं। जो नियमों के खिलाफ है। आयुक्त 11 फरवरी को चमोली, 12 को रुद्रप्रयाग व 13 को उत्तरकाशी जनपद में विकास कार्यों का भौतिक निरीक्षण करेंगे।