श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के जयधार व मेहेंद्र गांव के आसपास तीन दिनों से जंगल धू-धू कर जल रहे हैं। चीड़ का जंगल व चट्टानी भाग होने से कर्मियों को आग पर काबू पाने में पसीना बहाना पड़ रहा है।
सोमवार को सिल्काखाल मोटर मार्ग के दल्डाधार के पास से शुरू हुई आग महेंद्र व जयधार गांव के जंगलों तक फैल चुकी है। इस क्षेत्र में चीड़ का जंगल व अधिक चट्टानी भाग होने से वन कर्मियों को आग पर काबू पाने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। माणिकनाथ रेंज अधिकारी डीएस पुडीर ने बताया कि आग बुझाने में आठ कर्मी लगाए गए हैं। कई बार आग पर काबू पाया गया, लेकिन चीड़ के छेता (फल) सुलग कर नीचे गिर रहे हैं। ऐसे में आग पर काबू पाने में काफी दिक्कत हो रही है, लेकिन जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।