पौड़ी। जनपद के 157 छात्र-छात्राएं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इसमें प्राथमिक व सब- जूनियर वर्ग में 75 बालक और 82 बालिकाएं विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाएंगे।
जनपद के सभी 15 विकासखंडों से कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, फुटबाल और विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं के लिए जिला स्तर पर 157 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। डीईओ माध्यमिक शिक्षा रणजीत सिंह नेगी ने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए पौड़ी ब्लॉक से सर्वाधिक 38, यमकेश्वर 28, दुगड्डा 17, खिर्सू 16, एकेश्वर व कल्जीखाल दो-दो, पोखड़ा व पाबौ आठ-आठ, द्वारीखाल चार, जयहरीखाल पांच, रिखणीखाल नौ, थलीसैंण व बीरोंखाल पांच-पांच, कोट तीन व नैनीडांडा से सात खिलाड़ियों का चयन हुआ है। प्रतियोगिताएं 13 से 16 अक्टूबर तक देहरादून में आयोजित होंगी। सीईओ नागेंद्र बर्त्वाल ने खेल समन्वयक कमल उप्रेती, प्रदीप रावत व ललित बिष्ट को प्रभारी नियुक्त किया है।