पौड़ी। भारतीय स्टेट बैंक पौड़ी के सर्वर में तकनीकी खराबी आने से लोग बैंक में जमा अपना पैसा नहीं निकाल पाए। बुधवार को पूरे दिन सिस्टम ठप रहने के बाद दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी बैंक में कामकाज प्रभावित रहा। बैंक प्रबंधक प्रेमचंद तवर के मुताबिक अंधड़ से बैंक की छत पर लगी छतरी में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे अब ठीक कर लिया गया है। बुधवार को स्टेट बैंक में कोई काम नहीं होने से बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे से पहले ही बड़ी संख्या में लोग बैंक के बाहर जमा हो गए थे। इनमें अधिकांश लोग खाते से पैसा निकालने के लिए पहुंचे थे। कई लोगों को बैंक ड्राफ्ट बनाना था, लेकिन सर्वर के काम नहीं करने से लोगों को निराश होना पड़ा। खाताधारकों का कहना था कि एटीएम में पैसा नहीं होने से वे खाते से धनराशि की निकासी के लिए बैंक पहुंचे थे, लेकिन बैंक में काम नहीं होने से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। बैंक के सर्वर में अक्सर दिक्कत आने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है। खाताधारक महावीर व श्याम सिंह के मुुताबिक शहर के अधिकतर एटीएम भी पिछले तीन दिनों से ठप हैं।
कोट---------------
बैंक से शहर की अन्य कई शाखाएं जुड़ी हैं, आरबीआई से कैश आते ही एटीएम में पैसा डाल दिया जाएगा। प्रयास किया जा रहा है कि कुछ धनराशि आज शाम या फिर सोमवार तक एटीएम में डाल दी जाए।
-प्रेमचंद तवर, प्रबंधक, एसबीआई, पौड़ी।