पौड़ी। मंडल मुख्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में बारिश एक बार फिर कहर बनकर बरसी। मंगलवार रात बारिश के साथ अंधड़ से पौड़ी गांव में मुख्य उद्यान अधिकारी के सरकारी आवास की छत उड़ गई। धूमाकोट-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग में जगह-जगह मलबा आने से हाईवे 11 घंटे अवरुद्ध रहा।
जिले में मंगलवार रात की बारिश ने कुछ स्थानों पर जमकर तबाही मचाई। चौपड़ा में एक मकान में मलबा आ गया। जयहरीखाल के चमेठा में मलबा आने से गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई। चोपड़यू में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। धूमाकोट-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पैठाणी और पाबौ के पास मलबा आने से घंटों अवरुद्ध रहा। मुख्य उद्यान अधिकारी नरेंद्र कुमार के पौड़ी गांव स्थित सरकारी आवास का टीन उड़ गई। मुख्य उद्यान अधिकारी ने बताया कि आवास क्षतिग्रस्त होने से फिलहाल वे किसी परिचित के यहां रह रहे हैं। पाबौ प्रतिनिधि के मुताबिक चोपड़ा गांव में पैदल पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। गांव को जोड़ने वाला पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया। नाले में पानी के तेज बहाव से ग्रामीणों के खेत भी कट गए। ग्राम प्रधान विजेंद्र सिंह ने बताया कि बिक्रम सिंह की दुकान में मलबा आने से सामान खराब हो गया। प्रेम सिंह भंडारी के तालाब की मछलियां बह गई।