देवप्रयाग। तीर्थनगरी देवप्रयाग के संगम मार्ग पर करंट दौड़ने से अफरा तफरी मच गयी। ऊर्जा निगम की टीम घंटो बाद भी फाल्ट नहीं पकड़ पाई। बाद में एक निजी विद्युत मैकेनिक के फाल्ट पकड़ने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बुधवार को देवप्रयाग संगम मार्ग पर भागीरथी पुल के समीप तेज करंट दौड़ने से अफरा तफरी मच गयी। पिछले तीन दिनों से यहां हल्का करंट महसूस किया जा रहा था। मगर बारिश होने से करंट और अधिक फैलने लगा। व्यवसायी मुकेश त्रिपाठी व विनोद बडोला ने बताया कि नंगे पांव व गीले जूते चप्पल पहने लोगों को तेज झटका लग रहा था। जबकि जानवर सड़क में गिर रहे थे। सूचना पर पहुंची ऊर्जा निगम की टीम भी फैल रहे करंट के कारणों को नहीं खोज पाई, जिसके बाद एक निजी विद्युत मैकेनिक चंद्रभूषण कोटियाल ने फाल्ट को पकड़ा।