पौड़ी/सतपुली। जनपद के सतपुली-संगलाकोटी-पोखड़ा मोटर मार्ग पर बोल्डर गिरने से यातायात ठप हो गया है। इससे क्षेत्र के ग्रामीण मीलों पैदल चलने के साथ-साथ जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों को शादी समारोहों में शामिल होने के लिए 20 किमी की दूरी तय करनी पड़ रही है।
विकास खंड पोखड़ा के गांवों को यातायात सुविधा से जोड़ने के लिए सतपुली-संगलाकोटी-पोखड़ा मुख्य मोटर मार्ग है। मोटर मार्ग पर आठ जनवरी को भारी बारिश के चलते जूनीसेरा स्थान पर बड़ा बोल्डर आ गिरा। इससे विकास खंड के भदूली, घंडियल, बिजोरापानी, कुडजखाल, सुअरखाल, गडरी, मयालगांव, कौला व गजेड़ी गांव के ग्रामीणों को सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। सांसद प्रतिनिधि व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्कर जोशी ने कहा कि मोटर मार्ग पर बोल्डर आने की सूचना कंट्रोल रूम व लोनिवि अधिकारियों को समय पर दे दी गई थी, लेकिन कोई मोटर मार्ग पर यातायात सुचारु बनाए जाने की दिशा में कदम नहीं उठा रहा है। इससे ग्रामीणों को शादी समारोह के आयोजन के समय भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। लोनिवि पाबौ के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने बताया कि जेसीबी के साथ ही कंप्रेशर मशीन लगा दी गई है। उम्मीद है कि रविवार देर शाम तक यातायात सुचारु हो जाएगा।