पौड़ी। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल के निर्देश पर रविवार को जिला मुख्यालय से ग्राम पंचायत स्तर तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जैविक, अजैविक सहित विभिन्न प्रकार का कूड़ा एकत्र किया गया। जिसे वैज्ञानिक रुप से नष्ट किया जाएगा।
रविवार को मुख्यालय के विकास भवन परिसर में सीडीओ दीप्ति सिंह के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान शुरू हुआ। इस दौरान कार्यालयों व परिसर के चारों और साफ-सफाई की गई। इस मौके पर सीडीओ दीप्ति सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी ने जनपद में मुख्यालय से लेकर तहसील, विकासखंड व ग्राम पंचायत स्तर पर माह के दूसरे रविवार को स्वच्छता अभियान चलाए जाने की पहल की है। अभियान की शुरुआत में ही सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई। वहीं थलीसैण ब्लाक मुख्यालय में ज्येष्ठ प्रमुख श्यामचरण मंमगाई के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक एसएस शर्मा, सहायक परियेाजना निदेशक सुनील कुमार, जिला उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा, ईओ पालिका विनोद लाल शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।