पौड़ी। युवा उत्थान समिति कफोलस्यूं की ओर से अगरोड़ा बाजार में आयोजित तीन दिवसीय कफोलस्यूं महोत्सव का बुधवार को रंगारंग आगाज हुआ। महोत्सव के पहले दिन लोक गायक अनिल बिष्ट के गीतों ने समां बांधा, तो क्षेत्र के महिला मंगल दलों ने थड्या, चौफला लोक नृत्य पर प्रस्तुति देकर मेले में पहुंचे दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
बुधवार को अगरोड़ा बाजार में तीन दिवसीय कफोलस्यूं महोत्सव का शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन लोक गायक अनिल बिष्ट ने चैता की चैत्वाली, पाबौ बाजार, हनुमंत बलवीरा आदि गीतों की प्रस्तुति दी। स्कूली छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट और झांकी के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। महिला मंगल दल डांग और कोलठी ने थड्या, चौफला की प्रस्तुति दी।
महोत्सव में ताइक्वांडो में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाली क्षेत्र की रितु नेगी को कफोलस्यूं रत्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर हिस्सा लेने पर स्तुति और रूपाली को सम्मानित किया गया। महोत्सव का उद्घाटन बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि जगदंबा डंगवाल, महेंद्र असवाल, समिति के गौरव रावत आदि मौजूद रहे।