श्रीनगर। सुभारती मेडिकल कॉलेज देहरादून के सभी 100 छात्र-छात्राओं का राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में प्रवेश हो गया है। प्रवेश प्रक्रिया संपन्न होने के पश्चात संस्थान की ओर से छात्र-छात्राओं को मेडिकल प्रोफेशन, दबाव, जिम्मेदारियों और चुनौतियों के बारे में समझाया गया। सोमवार से छात्र-छात्राओं की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों पर सुभारती मेडिकल कॉलेज के 300 छात्र-छात्राओं (वर्ष 2016-17 व 2017-18 बैच) को उत्तराखंड के तीनों सरकारी मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट किया गया। इसमें श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को 100 छात्र-छात्राएं आवंटित किए गए हैं। तीन दिन तक चली प्रवेश प्रक्रिया में सभी छात्र-छात्राओं ने प्रवेश ले लिया। तत्पश्चात प्राचार्य और संकाय सदस्यों की ओर से सभी का मार्गदर्शन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने कहा कि मेडिकल के क्षेत्र में मेहनत जरूरी होती है। सिर्फ योग्यता से काम नहीं चलता है।