पौड़ी। पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने एसएसपी को पत्र भेजकर पौड़ी की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने सड़क के दोनों छोरों पर वाहन खड़े होने को लेकर यातायात में आ रही परेशानियों व वनवे व्यवस्था को सुचारु किए जाने का आह्वान किया गया है।
मंगलवार को पौड़ी के पालिकाध्यक्ष यशपाल बेेनाम ने एसएसपी दलीप सिंह कुंवर को पत्र भेजा। इस मौके पर बेनाम ने बताया कि जिला मुख्यालय पौड़ी में पालिका यातायात व्यवस्था को सुचारु किए जाने के लिए वाहन यूनियनों से कई दौर की वार्ता हो चुकी है। मुख्यालय के अनेक स्थानों पर पार्किंग का निर्माण भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यालय के राजमार्ग, राज्य मार्ग व संपर्क मार्गों के दोनों छोरों पर वाहन खड़े रहते हैं, जिससे यातायात को सुचारु बनाए जाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बेनाम ने एसएसपी से सड़क के दोनों छोरों पर खड़े वाहनों को हटाए जाने व माल रोड से बस अड्डा धारा रोड होते हुए पालिका परिसर तक वनवे व्यवस्था को सुचारु बनाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि धारा रोड पर वनवे व्यवस्था होने के बावजूद चौपहिया वाहन विपरीत दिशा में जाते रहते हैं। इन पर पूरी तरह नियंत्रण किया जाना चाहिए।