पौड़ी। सामुदायिक विकास योजना कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं से स्वरोजगार के नए-नए अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
राजकीय आदर्श इंटर कालेज कोट में बृहस्पतिवार को ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवाड़ा के तहत राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर गढ़वाल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सीडीओ जोगदंडे ने कहा कि सरकार स्वरोजगार के नए-नए अवसर उपलब्ध करा रही है। कम पूंजी लगाकर स्टार्टअप के जरिए आय में बढ़ोतरी की जा सकती है। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) के परियोजना निदेशक एसएस शर्मा ने पलायन रोकने के लिए कृषि, बागवानी समेत रोजगार के परंपरागत साधनों को नई टेक्नोलॉजी के साथ अपनाने की बात कही। राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर के प्रधानाचार्य एसएस मेहरा ने भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। खंड विकास अधिकारी एसएस नौटियाल, खंड शिक्षा अधिकारी शंकर सिंह यादव, राजकीय इंटर कालेज कोट के प्रधानाचार्य अमित काला, कार्यक्रम के कोआर्डिनेटर सुशील बहुगुणा ने व्यक्तित्व विकास एवं कौशल विकास पर जोर देने की बात कही। कार्यक्रम में ब्यूटीशियन, कंप्यूटर, पार्लर, सिलाई, बुनाई आदि का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बालिकाओं और महिलाओं को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।