पौड़ी। रविवार को रामलीला के अंतिम दिवस राम राज्याभिषेक से पहले शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड बाजों के साथ शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू हुई। इसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पौड़ी की 117वीं रामलीला के अंतिम दिन रामलीला मैदान से धारारोड, बस स्टेशन, लक्ष्मीनारायण मंदिर, एजेंसी चौक से वापस रामलीला मैदान तक शोभायात्रा निकाली गई। सीता-राम के जयकारों से पूरे क्षेत्र गूंजता रहा। शोभायात्रा के बाद रामलीला मैदान में राम-भरत मिलन के बाद प्रकाशोत्सव मनाया गया। रामलीला में विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाने वाले एवं आयोजन में सहयोग देने वाले संस्कृति प्रेमियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। श्री रामलीला मंचन एवं सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष आशुतोष नेगी, उपाध्यक्ष उमाचरण बड़थ्वाल, सचिव राम सिंह रावत, सह सचिव नरेंद्र चिटकारिया, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, संरक्षक महिताब सिंह रावत, गौरीशंकर थपलियाल, हरीश रावत आदि ने शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि अगले वर्ष रामलीला और अधिक भव्य बनाने में शहरवासी अपना सुझाव जरूर दें।