पौड़ी। शहरवासी लंबे समय से केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर के अधीन मेडिकल कालेज पौड़ी में स्थापित करने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री व केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री को एक बार फिर जन चेतना मंच ने ज्ञापन भेजा है। चेताया है कि शीघ्र निर्णय नहीं होता तो शहरवासी आंदोलन के लिए विवश होंगे।
जन चेतना मंच ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में बताया कि गढ़वाल विवि को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने के बाद से ही शहरवासी विश्वविद्यालय का मेडिकल कालेज पौड़ी में स्थापित करने की मांग कर रहे हैं। मेडिकल कालेज के लिए पूर्व में निशुल्क जमीन का प्रस्ताव भी सरकार को सौंपे जा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी मेडिकल कालेज को लेकर कोई निर्णय नहीं हुआ है। चेतावनी दी कि शीघ्र निर्णय नहीं होता तो शहरवासी आंदोलन करेंगे। ज्ञापन में एडवोकेट प्रदीप कुमार, अलीम गढ़वाली, पंकज सिंह, मयूर भट्ट, विनोद कुमार, उत्कर्ष, दलवीर सिंह नेगी, बलवंत सिंह नेगी आदि के हस्ताक्षर हैं। ब्यूरो