प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी भी मुख्यमंत्री हरीश रावत के समर्थन में उतर आए हैं। तिवारी ने कहा है कि वे 31 मार्च तक दिल्ली में हैं और अगर उनका सहयोग चाहिये तो वह यह सहयोग करने को भी तैयार है।
इसके साथ ही तिवारी ने मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी बिना भेदभाव के हर विधायक के क्षेत्र में विकास करने की सलाह दी है। बहरहाल, एनडी का रुख मुख्यमंत्री हरीश रावत को राहत देने वाला साबित भी हो सकता है।
तिवारी की ओर से जारी पत्र में उत्तराखंड में उपजे सियासी संकट पर चिंता जाहिर की गई है। तिवारी का कहना है कि उत्तराखंड में चुनी गई सरकार को उसका कार्यकाल हर हाल में पूरा करने दिया जाए और नियत समय पर चुनाव हो।
स्थिर सरकार होने पर ही प्रदेश का विकास संभव
तिवारी ने सरकार की स्थिरता पर जोर दिया है और कहा है कि प्रदेश का विकास तभी संभव है जब वहां स्थिर सरकार हो। इससे एक कदम आगे बढ़ते हुये तिवारी ने कहा कि प्रदेश का हर विधायक उनके संपर्क में है।
वे 31 मार्च तक दिल्ली में हैं और अगर उनका सहयोग लिया जाएगा तो वे इस संकट का समाधान करने में सहयोग करने को भी तैयार हैं। हालांकि, हरीश रावत के साथ पहले तिवारी की पटरी कम ही बैठी।
तिवारी के मुख्यमंत्री रहते हुये हरीश रावत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भी रहे और तिवारी लगातार हरीश रावत से परेशानी की शिकायत भी करते रहे। हाल ही में तिवारी हल्द्वानी में विकास के मामले को लेकर धरने पर बैठ गए थे।